ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

साय मंत्रिमंडल में विस्तार: खुशवंत साहेब, राजेश अग्रवाल और गजेंद्र यादव आज लेंगे शपथ

साय कैबिनेट का विस्तार, आज तीन नए मंत्री शपथ लेंगे

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में आज बड़ा बदलाव होने जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मंत्रिमंडल में तीन नए चेहरे शामिल होंगे। सुबह 10:30 बजे राजभवन में शपथ ग्रहण कार्यक्रम होगा। भाजपा विधायक दल के सचेतक सुशांत शुक्ला ने पत्र जारी कर इसकी आधिकारिक पुष्टि की है। दुर्ग विधायक गजेंद्र यादव, अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल और आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब नए मंत्री पद की शपथ लेंगे। स्टेट गैरेज में इनके लिए वाहन तैयार कर दिए गए हैं।

शनिवार को मुख्यमंत्री साय ने राज्यपाल रामेन डेका से मुलाकात की थी। वहीं राज्यपाल ने भी मीडिया से कहा था कि “कुछ होने वाला है।” दूसरी ओर, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने दावा किया है कि भाजपा के भीतर असंतोष है और तीन वरिष्ठ विधायकों ने इस्तीफे की धमकी दी है। उन्होंने कहा कि नए मंत्रियों के आने के साथ ही सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो जाएगी।

इस बीच एमए छत्तीसगढ़ी छात्र संगठन ने मांग की है कि नए मंत्री राजभाषा छत्तीसगढ़ी में शपथ लें, ताकि स्थानीय भाषा को मान-सम्मान मिले। इधर, मुख्यमंत्री साय 21 अगस्त को जापान और दक्षिण कोरिया के दौरे पर रवाना होंगे, इसलिए कैबिनेट विस्तार की प्रक्रिया पहले पूरी की जा रही है।

भाजपा संगठन के अनुसार मंत्रिमंडल विस्तार में सामाजिक और भौगोलिक संतुलन को प्राथमिकता दी गई है। इसमें सामान्य वर्ग, अनुसूचित जनजाति और पिछड़ा वर्ग से एक-एक विधायक को जगह दी जा रही है। हालांकि मौजूदा मंत्रियों की जिम्मेदारियों में कोई बदलाव नहीं होगा। साथ ही अगस्त में संसदीय सचिवों और निगम-मंडल अध्यक्षों की नियुक्तियों की भी संभावना जताई जा रही है।

Related Articles

Back to top button