ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री के निर्देश पर बुजुर्ग को मिली राहत: 3 माह की पेंशन और 1 क्विंटल चावल पहुंचा घर

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के संवेदनशील और जनकेंद्रित नेतृत्व का एक और उदाहरण सामने आया है। मीडिया में खबर प्रसारित होने के बाद मुख्यमंत्री के त्वरित हस्तक्षेप से गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर विकासखंड के ग्राम पथर्री निवासी बुजुर्ग भीखलु राम ध्रुव को राहत मिली है।

जानकारी के मुताबिक भीखलु राम ध्रुव लंबे समय से पेंशन और राशन जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित थे। मामला सामने आते ही मुख्यमंत्री ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि हितग्राही को जल्द से जल्द योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।

मुख्यमंत्री के निर्देश मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया। कलेक्टर बीएस उइके ने खुद मामले की जानकारी लेकर संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। जांच में पता चला कि भीखलु राम ध्रुव का ई-केवाईसी लंबित था, जिसके कारण उन्हें योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा था। प्रशासन ने प्राथमिकता के आधार पर ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कराई।

प्रशासन की तत्परता से उन्हें तीन माह की लंबित वृद्धावस्था पेंशन एकमुश्त प्रदान की गई। वहीं खाद्य विभाग की टीम उनके घर पहुंची और 1 क्विंटल चावल उपलब्ध कराया। अब उन्हें नियमित रूप से उचित मूल्य की दुकान से राशन मिलना भी सुनिश्चित किया गया है।

राहत मिलने के बाद भीखलु राम ध्रुव ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पेंशन और राशन मिलने से जीवन में बड़ी राहत मिली है। अब उन्हें भरोसा हो गया है कि सरकार उनकी चिंता करती है।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार केवल योजनाएं बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित कर रही है कि हर जरूरतमंद तक समय पर योजनाओं का लाभ पहुंचे। यह कार्रवाई उसी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

Related Articles

Back to top button