CM विजय ने बच्चों को नाश्ता परोसा और साथ बैठकर खाया; 15.30 लाख अतिरिक्त छात्रों को मिलेगा लाभ

दिल्ली। तमिलनाडु में सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों के कक्षा 6 से 8 तक के छात्रों को भी अब मुफ्त नाश्ता मिलेगा। मुख्यमंत्री C. जोसेफ विजय ने मंगलवार को चेन्नई में विस्तारित पेरुंथलैवर कामराजर फ्री ब्रेकफास्ट स्कीम की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने तिरुवन्मियूर के गांधी ग्रामम स्थित सरकारी मिडिल स्कूल में बच्चों को नाश्ता परोसा और उनके साथ बैठकर भोजन किया। मुख्यमंत्री ने छात्रों से बातचीत भी की।
कक्षा 6 से 8 तक के बच्चे योजना में शामिल
अब तक राज्य की फ्री ब्रेकफास्ट स्कीम का लाभ कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों को मिल रहा था। योजना के विस्तार के बाद कक्षा 6 से 8 तक के छात्र भी इसके दायरे में आ गए हैं। सरकार के मुताबिक, इससे राज्य के 15,454 सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में पढ़ने वाले करीब 15.30 लाख अतिरिक्त छात्रों को लाभ मिलेगा।
योजना के विस्तार के लिए तमिलनाडु सरकार ने चालू वित्त वर्ष में 217.63 करोड़ रुपए अतिरिक्त मंजूर किए हैं। इसके बाद योजना का कुल बजट बढ़कर 724 करोड़ रुपए हो गया है।
कामराज के नाम पर बदला योजना का नाम
सरकार ने योजना का नाम भी बदल दिया है। पहले इसे चीफ मिनिस्टर ब्रेकफास्ट स्कीम के नाम से जाना जाता था। अब इसका नाम पेरुंथलैवर कामराजर फ्री ब्रेकफास्ट स्कीम रखा गया है।
योजना का नया नाम पूर्व मुख्यमंत्री K. कामराज के सम्मान में रखा गया है। कामराज के कार्यकाल में स्कूली शिक्षा की पहुंच बढ़ाने और बच्चों के लिए भोजन से जुड़ी योजनाओं को मजबूत करने पर जोर दिया गया था।
दो जिलों में अभी लागू नहीं होगी योजना
विस्तारित योजना मंगलवार से राज्य के अधिकांश हिस्सों में लागू कर दी गई है। हालांकि, चेंगलपट्टू और तिरुप्पुर जिलों में फिलहाल इसे लागू नहीं किया गया है। यहां आगामी विधानसभा उपचुनावों के कारण मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट लागू है। इसी वजह से दोनों जिलों में योजना का क्रियान्वयन फिलहाल टाल दिया गया है।
सरकार का कहना है कि योजना का उद्देश्य बच्चों को पौष्टिक नाश्ता उपलब्ध कराना है। इससे स्कूल पहुंचने वाले बच्चों को सुबह भोजन मिल सकेगा और कक्षा के दौरान भूख की समस्या कम करने में मदद मिलेगी। सरकार के अनुसार, नियमित नाश्ते से छात्रों की उपस्थिति और पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने में भी मदद मिल सकती है।





