बस्तर की ओर जा रहे बाइकर्स के दल पर टूटा कहर, NH-30 पर ट्रेलर की टक्कर से मुंबई की महिला राइडर की मौत

धमतरी। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में बुधवार सुबह NH-30 पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मुंबई की 24 वर्षीय महिला बाइकर रिद्धि ठक्कर की मौत हो गई। हादसा पुरूर थाना क्षेत्र के मरकाटोला घाटी के पास हुआ। रिद्धि रायपुर से बस्तर जा रहे 23 बाइक राइडर्स के दल में शामिल थीं। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रेलर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार 12 अगस्त की सुबह 23 राइडर्स का समूह रायपुर से कांकेर होते हुए बस्तर की ओर रवाना हुआ था। दल के कुछ सदस्य कार से भी यात्रा कर रहे थे। धमतरी पार करने के बाद करीब 17 बाइकर्स आगे निकल गए, जबकि कुछ राइडर्स पीछे रह गए। इसी दौरान मरकाटोला घाटी के पास यह हादसा हुआ।
टक्कर के बाद रिद्धि सड़क पर गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। साथ चल रहे बाइकर्स और स्थानीय लोगों ने तत्काल उनकी मदद की। डायल-112 की सहायता से उन्हें चारामा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर धमतरी जिला अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराया। मृतका के परिजनों को सूचना दे दी गई है और शव को मुंबई भेजने की तैयारी की जा रही है। रिद्धि मुंबई के कांदिवली वेस्ट की रहने वाली थीं और अपनी बाइक से रायपुर पहुंची थीं।
पुरूर पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार ट्रेलर चालक और वाहन की तलाश कर रही है। हादसे की खबर से साथी बाइकर्स में शोक का माहौल है। रिद्धि सोशल मीडिया पर भी सक्रिय थीं और इंस्टाग्राम पर उनके करीब 16 हजार फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं।





