ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

कच्चे मकान से पक्के घर तक पहुंचीं दूरपति: PM आवास ने बदली जिंदगी, अब बारिश में नहीं सताती चिंता

रायगढ़। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) जरूरतमंद परिवारों के लिए सिर्फ पक्की छत नहीं, बल्कि सुरक्षा, सम्मान और स्थायित्व का जरिया बन रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में योजना के जरिए आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने का काम जारी है। रायगढ़ जिले के तमनार विकासखंड की ग्राम पंचायत महलोई निवासी दूरपति राठिया के जीवन में भी इस योजना से बड़ा बदलाव आया है।

विधवा और एकल महिला दूरपति मेहनत-मजदूरी कर अपना जीवन चलाती हैं। सीमित आमदनी के कारण उनके लिए खुद पक्का मकान बनाना संभव नहीं था। लंबे समय तक वह मिट्टी के कच्चे मकान में रहती थीं। बारिश का मौसम उनके लिए सबसे ज्यादा परेशानी लेकर आता था। छत से पानी टपकने, घर में नमी फैलने और कमजोर दीवारों के कारण मकान गिरने का डर बना रहता था। जहरीले जीव-जंतुओं के घर में घुसने की आशंका भी रहती थी।

PM आवास ने पूरा किया पक्के घर का सपना

दूरपति को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आवास की स्वीकृति मिली। शासन से प्राप्त सहायता राशि से उनके पक्के मकान का निर्माण पूरा हुआ। वर्षों से सुरक्षित छत का सपना अब हकीकत बन चुका है।

बारिश में अब नहीं रहती घर की चिंता

पक्का मकान मिलने के बाद दूरपति अब बारिश के मौसम में निश्चिंत रहती हैं। जहां पहले छत टपकने और दीवार गिरने का डर सताता था, वहीं अब वह सुरक्षित घर में सम्मान के साथ जीवन बिता रही हैं। नए घर ने उनके आत्मविश्वास और मनोबल को भी बढ़ाया है।

दूरपति ने पक्का आवास मिलने पर शासन-प्रशासन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि सुरक्षित घर मिलना उनके लिए बेहद खुशी और सुकून की बात है। उनका कहना है कि पहले बारिश आते ही घर को लेकर चिंता बढ़ जाती थी, लेकिन अब उन्हें सुरक्षित छत का सहारा मिल गया है।

दूरपति की कहानी बताती है कि सरकारी योजनाओं का लाभ जब जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचता है, तो वह सिर्फ घर नहीं बनाता, बल्कि जीवन में सुरक्षा, सम्मान और नई उम्मीद भी लेकर आता है।

Related Articles

Back to top button