ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सेवा संकल्प अभियान: 25 से ज्यादा गतिविधियां, पौधरोपण से रक्तदान तक जुड़ेगा समाज

रायपुर। छत्तीसगढ़ में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अभियान को जनकल्याण के साथ जनभागीदारी का व्यापक माध्यम बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अभियान के हर कार्यक्रम के केंद्र में आम नागरिक और उसकी जरूरतें होनी चाहिए। स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, रोजगार और सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर फोकस रहेगा।

मुख्यमंत्री ने अभियान की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ कॉन्फ्रेंस में कहा कि पात्र हितग्राहियों की पहले से पहचान कर उन्हें योजनाओं से जोड़ा जाए। कलेक्टर अभियान की नियमित समीक्षा करें और विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करें।

सेवा सेतु शिविर में मौके पर होगा समाधान

‘सेवा सेतु’ शिविरों में स्वास्थ्य जांच के साथ पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। आवेदन लेने के लिए काउंटर बनाए जाएंगे और आवेदनों की डिजिटल मॉनिटरिंग होगी। जिन समस्याओं का मौके पर समाधान नहीं हो सकेगा, उनकी साप्ताहिक समीक्षा कर निराकरण कराया जाएगा।

रोजगार मेले में युवाओं को मिलेंगे अवसर

कौशल विकास विभाग के रोजगार मेलों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा। युवाओं से आवेदन लेकर उन्हें रोजगार के अवसरों से जोड़ा जाएगा। चयनित युवाओं को शिविरों में नियुक्ति पत्र देने की व्यवस्था की जाएगी।

आंगनबाड़ी से स्कूल तक गतिविधियां

आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता, पोषण चौपाल, ‘मेरी पौष्टिक थाली’, चित्रकला और न्योता भोज जैसी गतिविधियां होंगी। स्कूलों में चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। 11वीं-12वीं के विद्यार्थियों को नुक्कड़ नाटक से जोड़ा जाएगा।

रक्तदान और पौधरोपण पर भी फोकस

‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत रक्तदान, स्वच्छता, प्लास्टिक मुक्त अभियान और वृक्षारोपण सहित 25 से ज्यादा गतिविधियां होंगी। ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत जल संरचनाओं और सार्वजनिक स्थलों पर पौधे लगाए जाएंगे। इस साल प्रदेश में 2.5 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य भी रखा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान का उद्देश्य योजनाओं और सेवाओं का सीधा लाभ जनता तक पहुंचाना है।

Related Articles

Back to top button