राजनांदगांव। राजनांदगांव में आवारा कुत्तों के हमले का एक भयावह मामला सामने आया है। शहर की सनसिटी एनएक्स कॉलोनी में खेल रहे पांच वर्षीय बच्चे पर चार आवारा कुत्तों ने अचानक हमला कर दिया।
कुत्तों ने बच्चे को घेरकर जमीन पर गिरा दिया और उसे कई मीटर तक घसीटते हुए बुरी तरह नोच लिया। इस हमले में बच्चे के पैर, जांघ और पीठ के निचले हिस्से में गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल उसका इलाज जारी है।
घटना गुरुवार शाम की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक बच्चा कॉलोनी के भीतर खेल रहा था, तभी चार आवारा कुत्तों का झुंड उसकी ओर दौड़ पड़ा। कुत्तों से बचने के लिए बच्चा भागने लगा, लेकिन एक कुत्ते ने उसके पैर पर हमला कर उसे गिरा दिया। इसके बाद अन्य कुत्तों ने भी उस पर हमला कर दिया।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें पूरा घटनाक्रम कैद हो गया। वीडियो में देखा जा सकता है कि बच्चा जान बचाने के लिए लगातार भागने की कोशिश करता है, लेकिन कुत्ते उसे बार-बार गिराकर काटते हैं। हमले के दौरान बच्चा मदद के लिए चिल्लाता रहा।
बच्चे की चीख-पुकार सुनकर एक स्थानीय व्यक्ति मौके पर पहुंचा और साहस दिखाते हुए कुत्तों को भगाकर बच्चे की जान बचाई। यदि समय रहते मदद नहीं मिलती तो घटना और गंभीर हो सकती थी।
हमले के बाद बच्चे को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार बच्चे के शरीर पर कई गहरे जख्म हैं। शारीरिक चोटों के साथ वह मानसिक रूप से भी काफी डरा हुआ है।
घटना के बाद कॉलोनी के लोगों में आक्रोश है। स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम से आवारा कुत्तों की समस्या पर तत्काल कार्रवाई करने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं, सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
