StateNewsChhattisgarhछत्तीसगढ़

धमतरी में जिले का पहला मॉडल बालिका शौचालय: 4.30 लाख की लागत से बना, सेनेटरी डिस्पोजल और रैम्प की सुविधा

धमतरी। सेवा संकल्प अभियान के तहत गांधी जयंती के अवसर पर धमतरी जिले को बालिकाओं की सुविधा से जुड़ी बड़ी सौगात मिली। कुरुद विकासखंड की ग्राम पंचायत धुमा स्थित प्राथमिक शाला में जिले के पहले सर्वसुविधायुक्त मॉडल बालिका शौचालय का 2 अक्टूबर को लोकार्पण किया गया। करीब 4.30 लाख रुपए की लागत से तैयार इस शौचालय में बालिकाओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

शौचालय परिसर को आकर्षक गुलाबी रंग में सजाया गया है। मुख्य दीवार पर ‘मेरी बेटी—मेरा स्वाभिमान’ का संदेश लिखा गया है। लोकार्पण के दौरान स्कूल की छात्राओं ने हाथों में तख्तियां लेकर इसी संदेश को प्रदर्शित किया।

हर जरूरत का रखा गया ध्यान

करीब 4.50 मीटर × 3.60 मीटर क्षेत्र में बनाए गए परिसर में अलग शौचालय कक्ष, पर्याप्त रोशनी और वेंटिलेशन की व्यवस्था है। इसके अलावा रनिंग वाटर, वॉश एरिया, सेनेटरी नैपकिन डिस्पोजल और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए रैम्प की सुविधा भी दी गई है।

यह निर्माण ‘विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन ग्रामीण’ (वीबी-जी रामजी योजना) के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में स्वीकृत राशि से कराया गया है।

स्वच्छता के साथ बढ़ेगी स्कूल में उपस्थिति

प्रशासन का कहना है कि स्कूलों में बालिकाओं के लिए सुरक्षित और स्वच्छ शौचालय की सुविधा से उनकी निजता और स्वास्थ्य की बेहतर देखभाल हो सकेगी। साथ ही स्वच्छता की आदतों को बढ़ावा मिलने के साथ स्कूल में नियमित उपस्थिति और ड्रॉपआउट रोकने में भी मदद मिल सकती है।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने धुमा में बने शौचालय को जिले के लिए मॉडल बताया। उन्होंने कहा कि बच्चों का स्वास्थ्य, स्वच्छता और निजता सीधे उनके आत्मसम्मान से जुड़े हैं। जरूरत के अनुसार जिले के अन्य ग्रामीण स्कूलों में भी ऐसी सुविधाओं के विस्तार पर काम किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button