लुंड्रा में 280 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात,CM विष्णुदेव साय ने किया लोकार्पण-शिलान्यास

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सरगुजा जिले के लुंड्रा में 280 करोड़ रुपए से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान आयोजित किसान सम्मेलन में उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ समग्र विकास को नई गति देंगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि कुल 281 करोड़ रुपए के कार्यों में 28 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण और 253 करोड़ के कार्यों का शिलान्यास शामिल है। उन्होंने इसे सरगुजा क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि लंबे समय बाद इतनी बड़ी विकास योजनाएं एक साथ लाई गई हैं। साथ ही क्षेत्र को हवाई सेवाओं से जोड़ने के प्रयासों की भी सराहना की, जिससे अंबिकापुर से देश के बड़े शहरों तक कनेक्टिविटी बेहतर हुई है।
किसानों को संबोधित करते हुए साय ने कहा कि सरकार उनकी आय बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान की खरीदी 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है और भुगतान 24 से 48 घंटे के भीतर सुनिश्चित किया जा रहा है। किसान उन्नति योजना के तहत अंतर राशि सीधे खातों में भेजी जा रही है, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है।
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसान क्रेडिट कार्ड और सिंचाई योजनाओं को प्रभावी बताया। साथ ही नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुधार का जिक्र करते हुए अमित शाह के मार्गदर्शन और सुरक्षा बलों की भूमिका की सराहना की।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति दी गई, जिनमें से 8 लाख से अधिक पूरे हो चुके हैं। महतारी वंदन योजना से 70 लाख महिलाओं को लाभ मिल रहा है। स्वास्थ्य सुविधाओं के तहत नए मेडिकल कॉलेज और 375 एंबुलेंस सेवाएं भी शुरू की जा रही हैं।
इस मौके पर सांसद चिंतामणि महाराज और मंत्री रामविचार नेताम सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने लुंड्रा में स्टेडियम, सड़क और कृषि उप मंडी जैसी नई घोषणाएं भी कीं।





