EV चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट से भीषण हादसा, 8 की मौत

दिल्ली। इंदौर के बंगाली चौराहे के पास स्थित ग्रेटर बृजेश्वरी कॉलोनी में बुधवार तड़के एक हृदयविदारक हादसा हुआ। घर के बाहर चार्ज हो रही एक इलेक्ट्रिक कार (EV) में हुए शॉर्ट सर्किट ने देखते ही देखते एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां राख कर दीं। इस भीषण अग्निकांड में बड़े व्यवसायी मनोज पुगलिया के परिवार और उनके रिश्तेदारों सहित 8 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
अब पढ़े कैसे हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 4 बजे कार के चार्जिंग पॉइंट में जोरदार धमाका हुआ। आग तेजी से फैली और उसने तीन मंजिला मकान को अपनी चपेट में ले लिया। घर में रखे पॉलीमर केमिकल और लगभग 9 गैस सिलेंडरों ने आग में घी का काम किया। सिलेंडरों में हुए सिलसिलेवार धमाकों से मकान का एक हिस्सा ढह गया, जिससे अंदर सो रहे लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
इलेक्ट्रानिक लॉक बना मौत का कारण
जांच में एक चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है। घर में सुरक्षा के लिए लगाए गए इलेक्ट्रॉनिक लॉक बिजली गुल होते ही जाम हो गए। आग के कारण जैसे ही बिजली कटी, डिजिटल लॉक लॉक हो गए और अंदर फंसे लोग चाहकर भी बाहर नहीं निकल पाए। बचाव दल को दरवाजे तोड़कर अंदर घुसना पड़ा, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
मंत्री पहुंचे मौके पर
हादसे की खबर मिलते ही मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और तुलसी सिलावट मौके पर पहुंचे। विजयवर्गीय ने इसे ‘अलार्मिंग सिचुएशन’ बताते हुए कहा कि बढ़ते ईवी (EV) युग में ऐसी घटनाएं चिंताजनक हैं। उन्होंने पुलिस कमिश्नर को विशेषज्ञों की कमेटी बनाने और चार्जिंग के लिए नई SOP (मानक संचालन प्रक्रिया) तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
मृतकों में सौरभ की पत्नी सिमरन, संजय पुगलिया और बिहार से आए उनके रिश्तेदार शामिल हैं। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।





