ईज ऑफ डूइंग बिजनेस बिल-2026 पर मंथन, निवेश और सरकारी सेवाओं को मिलेगा नया आधार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में निवेश को बढ़ावा देने और उद्योगों के लिए कारोबारी प्रक्रियाओं को सरल बनाने की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में वरिष्ठ सचिवों की उच्चस्तरीय बैठक हुई, जिसमें प्रस्तावित ईज ऑफ डूइंग बिजनेस (डीरिग्युलेशन एंड फैसिलिटेशन) बिल-2026 और नियामकीय सुधारों के परिचालन ढांचे पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में उद्योगों के लिए अनुमतियों और प्रक्रियाओं को अधिक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के साथ निवेशकों के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने पर जोर दिया गया। साथ ही नागरिकों को सरकारी सेवाएं अधिक सुगमता और तेजी से उपलब्ध कराने के उपायों की भी समीक्षा की गई।

अधिकारियों ने बताया कि प्रस्तावित परिचालन ढांचे के तहत ‘इन्वेस्ट छत्तीसगढ़’ प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित किया जाएगा। इसके तहत पांच प्रमुख सिद्धांतों पर आधारित कार्यप्रणाली विकसित करने, 180 शासकीय सेवाओं का सरलीकरण करने और नौ विभागों को एकीकृत व्यवस्था से जोड़ने की योजना पर विचार किया गया। इसका उद्देश्य निवेशकों को एक ही प्लेटफॉर्म पर बेहतर और तेज सेवाएं उपलब्ध कराना है।

मुख्य सचिव विकासशील ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ प्रक्रियाओं के सरलीकरण और डिजिटल सेवाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य में निवेश को बढ़ावा देने के लिए पारदर्शी और निवेश-अनुकूल वातावरण तैयार करना जरूरी है। नई व्यवस्था लागू होने से उद्योगों के लिए कारोबार करना आसान होगा और नागरिकों को भी सरकारी सेवाएं अधिक सरल, त्वरित और प्रभावी तरीके से मिल सकेंगी।

बैठक में गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक, विधि एवं विधायी विभाग की प्रमुख सचिव सुषमा सावंत, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चम्पावत, वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार, नगरीय प्रशासन विभाग की सचिव आर. शंगीता, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद, मुख्यमंत्री एवं वाणिज्यिक कर विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सरकार का मानना है कि इन सुधारों से प्रदेश में निवेश, औद्योगिक विकास और सुशासन को नई गति मिलेगी।

↑
Exit mobile version