दिल्ली होटल अग्निकांड: 21 लोगों की मौत के मामले में होटल का कुक गिरफ्तार, कई अन्य से पूछताछ जारी

दिल्ली। राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर स्थित फ्लरिश स्टे होटल में हुए भीषण अग्निकांड मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए होटल के कुक केशव नेगी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में कुक की लापरवाही को आग लगने की प्रमुख वजहों में से एक माना जा रहा है। वहीं मामले की जांच के दायरे को बढ़ाते हुए होटल से जुड़े कई अन्य लोगों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

गौरतलब है कि 3 जून की सुबह करीब 8:30 बजे फ्लरिश स्टे होटल में अचानक आग लग गई थी। देखते ही देखते आग ने पूरे होटल को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वहां ठहरे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इस दर्दनाक हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 28 अन्य घायल हुए थे। घायलों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार जारी है।

मृतकों में 11 विदेशी नागरिक और 10 भारतीय शामिल हैं। विदेशी नागरिकों में अधिकांश अफ्रीकी देशों के बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासन की टीमों ने राहत एवं बचाव कार्य चलाकर कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला था।

जांच एजेंसियां होटल में अग्नि सुरक्षा मानकों, आपातकालीन निकास व्यवस्था और कर्मचारियों की भूमिका की भी गहन जांच कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में सुरक्षा नियमों की अनदेखी और लापरवाही के संकेत मिले हैं। इसी आधार पर होटल के कुक को गिरफ्तार किया गया है।

इस मामले के मुख्य आरोपी और होटल मालिक लवकेश बजाज को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। गुरुवार को अदालत ने उसे चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आग लगने के पीछे किन परिस्थितियों और लोगों की भूमिका रही।

दिल्ली पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस हादसे ने राजधानी में होटल सुरक्षा व्यवस्था और अग्नि सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Exit mobile version