Chhattisgarh

दीपक बैज का विवादित बयान: बोले- PM मोदी ‘हनीमून’ मनाने गए, BJP ने कहा- मानसिक दरिद्रता

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस चीफ दीपक बैज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जिरोजिया मिलोनी को लेकर विवादित बयान दिया है।

बैज ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मेलोनी की तस्वीरें देखकर ऐसा लग रहा है जैसे वे “हनीमून” मनाने गए हों। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर दोनों नेताओं की तस्वीरें किसी “वेडिंग शूट” की तरह वायरल हो रही हैं।

रायपुर में मीडिया से चर्चा के दौरान बैज ने कहा कि देश महंगाई और कई गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री फोटोशूट में व्यस्त नजर आ रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि इससे पता चलता है कि केंद्र सरकार जनता के मुद्दों को लेकर कितनी गंभीर है।

बैज के बयान पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी नेताओं ने इसे कांग्रेस की हताशा बताया। भाजपा ने कहा कि कांग्रेस के नेता लगातार मर्यादा भूलकर बयानबाजी कर रहे हैं।

भाजपा प्रवक्ताओं ने कहा कि राहुल गांधी भी पहले प्रधानमंत्री को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां कर चुके हैं और बाद में उन्हें माफी मांगनी पड़ी थी। भाजपा ने आरोप लगाया कि दीपक बैज अपने शीर्ष नेतृत्व को खुश करने के लिए इस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, जो उनकी “मानसिक दरिद्रता” को दिखाता है।

दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी हाल ही में इटली दौरे पर गए थे। इस दौरान जॉर्जिया मेलोनी ने उनके साथ कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए थे।

मेलोनी ने पीएम मोदी के साथ सेल्फी और एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें मोदी उन्हें ‘मेलोडी’ टॉफी गिफ्ट करते नजर आए। इसके बाद सोशल मीडिया पर “मेलोडी” ट्रेंड करने लगा और दोनों नेताओं की तस्वीरों पर कई मीम्स भी वायरल हुए।

इधर, एनएसयूआई ने भी महंगाई के विरोध में रायपुर में लोगों को मेलोडी चॉकलेट बांटकर प्रदर्शन किया। वहीं बैज ने कमिश्नरी प्रणाली और बढ़ते अपराधों को लेकर भी राज्य सरकार पर निशाना साधा।

Related Articles

Back to top button