ग्रामीण अंचल की बेटी बनी मिसाल: CM विष्णुदेव साय ने मेधावी छात्रा कुसुम लता को किया सम्मानित

धमतरी। धमतरी जिले के छोटे से गांव कंडेल की बेटी कुसुम लता बिप्रे ने अपनी मेहनत और लगन से पूरे प्रदेश में पहचान बनाई है। सीमित संसाधनों के बावजूद कुसुम लता ने माध्यमिक शिक्षा मंडल की परीक्षा में 97.40 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश की प्रावीण्य सूची में पांचवां स्थान प्राप्त किया। उनकी इस सफलता ने न केवल जिले का मान बढ़ाया, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियों के लिए नई प्रेरणा भी दी है।

सुशासन तिहार 2026 के तहत धमतरी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कुसुम लता को मंच पर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें शॉल और श्रीफल भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। साथ ही आगे की पढ़ाई और तकनीकी शिक्षा में मदद के लिए टैबलेट देकर उनका उत्साह बढ़ाया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि आज प्रदेश की बेटियां शिक्षा, खेल, विज्ञान और प्रशासन सहित हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। राज्य सरकार उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों से निकल रही प्रतिभाएं विकसित छत्तीसगढ़ की नई पहचान बन रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुसुम लता की सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि ग्रामीण शिक्षा व्यवस्था, परिवार के संस्कार और मेहनत का सकारात्मक परिणाम है। साधारण परिवार से आने वाली इस छात्रा ने साबित कर दिया कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और मन में आगे बढ़ने का जज्बा हो, तो परिस्थितियां सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकतीं।

कुसुम लता ने अपनी सफलता का श्रेय नियमित पढ़ाई, अनुशासन और परिवार के सहयोग को दिया। उनकी उपलब्धि से जिले के अन्य विद्यार्थियों में भी पढ़ाई के प्रति नई ऊर्जा देखने को मिल रही है। गांव की कई बेटियां अब उन्हें प्रेरणा के रूप में देख रही हैं।

कार्यक्रम में सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक अजय चंद्राकर, विधायक ओंकार साहू, महापौर रामू रोहरा और जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।

Exit mobile version