रायपुर। छत्तीसगढ़ पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड (CSPTCL) जल्द ही अपना आईपीओ (इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग) लाने की तैयारी कर रही है।
यदि यह योजना सफल होती है तो कंपनी प्रदेश की पहली ऐसी सरकारी कंपनी बन जाएगी, जिसके शेयर शेयर बाजार में सक्रिय रूप से ट्रेड होंगे। इस प्रस्ताव को लेकर कंपनी और शासन स्तर पर उच्च स्तरीय चर्चा जारी है।
जानकारी के अनुसार, CSPTCL आम निवेशकों से पूंजी जुटाने के लिए शेयर बाजार का रास्ता अपनाने पर विचार कर रही है। आईपीओ के माध्यम से कंपनी अपनी हिस्सेदारी का एक हिस्सा निवेशकों के लिए उपलब्ध कराएगी।
इसके बाद कंपनी के शेयर स्टॉक एक्सचेंज में सूचीबद्ध होंगे और निवेशक उनकी खरीद-बिक्री कर सकेंगे।
विशेषज्ञों का मानना है कि शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने से कंपनी को वित्तीय मजबूती मिलने के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान भी मिलेगी।
कंपनी के प्रदर्शन के आधार पर उसके शेयरों की कीमत तय होगी और बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैपिटलाइजेशन) में भी वृद्धि हो सकती है। इसके अलावा आम नागरिक भी कंपनी के हिस्सेदार बन सकेंगे और भविष्य में लाभ होने पर डिविडेंड का लाभ उठा सकेंगे।
गौरतलब है कि इससे पहले छत्तीसगढ़ पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी स्टॉक एक्सचेंज में सूचीबद्ध हो चुकी है, लेकिन उसके शेयरों में नियमित कारोबार नहीं होता। वहीं, पावर ट्रांसमिशन कंपनी पहले भी वर्ष 2014-15 और 2015-16 में बॉन्ड जारी कर निवेशकों से पूंजी जुटा चुकी है।
कंपनी के प्रबंध संचालक (एमडी) राजेश कुमार शुक्ला ने बताया कि देश के कई राज्यों की सरकारी बिजली कंपनियां और केंद्र सरकार की ऊर्जा क्षेत्र की कई कंपनियां पहले से ही शेयर बाजार में सूचीबद्ध हैं। इसी मॉडल को देखते हुए छत्तीसगढ़ पावर ट्रांसमिशन कंपनी के आईपीओ पर भी विचार किया जा रहा है।
हालांकि अंतिम निर्णय शासन स्तर पर लिया जाएगा, लेकिन यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो यह छत्तीसगढ़ के औद्योगिक और वित्तीय क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है। इससे राज्य की सरकारी कंपनियों के लिए पूंजी जुटाने के नए रास्ते भी खुलेंगे।
