छत्तीसगढ़ में आज 45 हजार कैंडिडेट्स देंगे री-NEET परीक्षा, 2 बजे से एग्जाम; 1:30 बजे तक एंट्री, सख्त ड्रेस कोड लागू

रायपुर समेत 127 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और ज्वेलरी पर पूरी तरह प्रतिबंध
रायपुर। देशभर के साथ छत्तीसगढ़ में आज री NEET-UG 2026 परीक्षा आयोजित की जा रही है। राज्य में करीब 45 हजार अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे, जिनमें 28 हजार 100 छात्र छत्तीसगढ़ के ही हैं। रायपुर में 25 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जबकि पूरे प्रदेश में कुल 127 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जा रही है।
परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी। हालांकि परीक्षा केंद्रों पर सुबह 11 बजे से ही रिपोर्टिंग, बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन और फ्रिस्किंग की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। दोपहर 1:30 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा, इसलिए छात्रों को समय से पहले पहुंचने की सलाह दी गई है।
इस बार परीक्षा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त रखी गई है। सभी केंद्रों पर CCTV कैमरों से निगरानी की जा रही है और प्रशासन ने परीक्षा की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने रायपुर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा भी की।
NTA के निर्देशों के अनुसार, परीक्षा केंद्रों में मोबाइल, ब्लूटूथ, ईयरफोन और स्मार्ट वॉच जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। साथ ही किसी भी प्रकार की ज्वेलरी, बेल्ट या मेटल वाली वस्तुएं पहनकर आने की अनुमति नहीं होगी। छात्रों को हल्के और साधारण कपड़े पहनने की सलाह दी गई है।
दिव्यांग (PwD/PwBD) अभ्यर्थियों को इस बार 65 मिनट अतिरिक्त समय दिया जाएगा। वहीं परीक्षा अवधि में भी 15 मिनट की बढ़ोतरी की गई है ताकि उम्मीदवारों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रशासन ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे अफवाहों से दूर रहें और परीक्षा को तनावमुक्त होकर दें। यह परीक्षा मेडिकल क्षेत्र में प्रवेश के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है।





