रायपुर। रायपुर में नशे के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। टिकरापारा थाना क्षेत्र में पुलिस ने हेरोइन (चिट्टा) के साथ एक आरक्षक को गिरफ्तार किया है। आरोपी आरक्षक हिमांशु बर्मन के पास से करीब 1 ग्राम प्रतिबंधित मादक पदार्थ बरामद किया गया, जिसकी बाजार कीमत लगभग 8 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार 11 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नीलकंठेश्वर मंदिर के पीछे मठपारा इलाके में एक व्यक्ति एक्सिस वाहन (CG-04-PW-1372) में बैठकर चिट्टा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही टिकरापारा और आजाद चौक थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से प्लास्टिक की झिल्ली में रखा करीब 1 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पूछताछ में उसकी पहचान हिमांशु बर्मन (34) के रूप में हुई, जो रायपुर में पदस्थ आरक्षक है। वह मूल रूप से कबीरधाम जिले के ग्राम कुंडा का निवासी है और वर्तमान में पुलिस लाइन स्थित जनता कॉलोनी में रह रहा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ टिकरापारा थाने में अपराध क्रमांक 119/26 के तहत धारा 21 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया है। उसे कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई के बाद अब पुलिस ‘सोर्स टू डेस्टिनेशन’ एंगल से जांच कर रही है, ताकि सप्लाई चेन से जुड़े अन्य आरोपियों तक भी पहुंचा जा सके।
