मोदी–ट्रम्प ट्रेड डील के खिलाफ कांग्रेस की किसान महाचौपाल आज, भोपाल में राहुल–खड़गे होंगे शामिल

भोपाल। भारत और अमेरिका के बीच हुई ट्रेड डील के विरोध में आज राजधानी भोपाल में कांग्रेस की ओर से किसान महाचौपाल का आयोजन किया जा रहा है।
यह कार्यक्रम जवाहर चौक पर दोपहर 2 बजे से शुरू होगा, जिसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी किसानों को संबोधित करेंगे। आयोजन स्थल पर विशाल डोम तैयार किया गया है, जिसमें करीब 50 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि यह ट्रेड डील किसानों के हितों के खिलाफ है और इससे देश के किसानों की गर्दन ट्रम्प की तलवार पर रख दी गई है।
उन्होंने दावा किया कि तीन दिन की तैयारियों में ही लाखों लोग भोपाल पहुंच रहे हैं, जो इस बात का संकेत है कि किसान इस समझौते से नाराज हैं। पटवारी ने कहा कि जैसे केंद्र सरकार को तीन कृषि कानून वापस लेने पड़े थे, वैसे ही इस ट्रेड डील को भी वापस लेना पड़ेगा।
मंच पर खड़गे और राहुल गांधी के साथ करीब 250 नेता मौजूद रहेंगे, जिनमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, प्रदेश प्रभारी, विधायक, सांसद और जिला अध्यक्ष शामिल हैं। कार्यक्रम की व्यापक तैयारियां की गई हैं और यातायात पुलिस ने पार्किंग व डायवर्जन प्लान भी जारी किया है ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।
पटवारी ने आरोप लगाया कि इस डील से मध्य प्रदेश के करीब 70 प्रतिशत किसान प्रभावित होंगे, क्योंकि प्रदेश में सोयाबीन, कपास और मक्का का बड़े पैमाने पर उत्पादन होता है। उन्होंने कहा कि किसान संवाद यात्रा की शुरुआत विदिशा और बुधनी से की जाएगी और प्रदेशभर में इस मुद्दे को लेकर आंदोलन तेज किया जाएगा।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह चौपाल सिर्फ विरोध नहीं, बल्कि किसानों की आवाज को मजबूती से उठाने का मंच है। वहीं, भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों को राजनीतिक ड्रामा बताते हुए खारिज किया है। आयोजन को लेकर भोपाल में राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है।





