मनरेगा और सिलेंडर की कीमतों को लेकर कांग्रेस का विधानसभा घेराव: रायपुर में जुटेंगे 30 हजार कार्यकर्ता

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस आज विभिन्न जनहितकारी मुद्दों को लेकर विधानसभा का विशाल घेराव करने जा रही है। इस ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ और प्रदर्शन में प्रदेशभर से 30 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं के शामिल होने का दावा किया जा रहा है। प्रदर्शन की तैयारियों को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और एआईसीसी के प्रभारी सचिवों ने रायपुर में समीक्षा बैठक कर रणनीति को अंतिम रूप दिया।

कांग्रेस के इस घेराव का मुख्य उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों का विरोध करना है। दीपक बैज ने बताया कि मुख्य रूप से निम्नलिखित मुद्दों को लेकर आवाज उठाई जाएगी। मनरेगा का नाम बदलने की कथित कोशिश और बजट में कटौती। रसोई गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतें और बिजली दरों में इजाफा।

किसानों से वादाखिलाफी और धान खरीदी में आ रही दिक्कतें। प्रदेश में बिगड़ी कानून व्यवस्था और बढ़ता नशा कारोबार। इस बड़े प्रदर्शन में एआईसीसी प्रभारी महासचिव सचिन पायलट, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव सहित कई वरिष्ठ दिग्गज नेता शामिल होकर कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करेंगे।

भारत माता चौक से शुरू होगा मार्च

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, प्रदेशभर से आए कार्यकर्ता शंकर नगर स्थित केनाल रोड के भारत माता चौक पर एकत्रित होंगे। यहाँ एक विशाल सभा का आयोजन होगा, जिसके बाद दोपहर 12 बजे नेता और कार्यकर्ता विधानसभा की ओर कूच करेंगे।

ट्रैफिक एडवाइजरी: जाम से बचने के लिए इन मार्गों का करें प्रयोग

विधानसभा घेराव को देखते हुए रायपुर पुलिस ने यातायात के सुचारू संचालन के लिए कड़े प्रबंध किए हैं और एडवाइजरी जारी की है। शांति नगर तिराहा से भारत माता चौक और भारत माता चौक से आनंद नगर चौक तक सामान्य यातायात बाधित रहेगा।

पंडरी की ओर से आने वाले वाहन शांति नगर से मधु पिल्ले चौक होकर आईजी कार्यालय वाली गली से शंकर नगर जा सकेंगे। आनंद नगर चौक से पंडरी जाने वाले वाहन भगत सिंह चौक, अंबेडकर चौक और ऑक्सीजोन मार्ग का उपयोग कर सकेंगे।

Exit mobile version