मरकाटोला घाट में भीषण दुर्घटना में कई लोगों की मौत, शोकाकुल परिवारों के प्रति जताई संवेदना
रायपुर। बालोद जिले के मरकाटोला घाट में हुए भीषण सड़क हादसे में कई लोगों की मौत पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह घटना बेहद दुखद और पीड़ादायक है। अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। उन्होंने ईश्वर से घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को हादसे में घायल लोगों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि घायलों को इलाज में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए और जरूरत के अनुसार उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। प्रशासन को राहत और चिकित्सा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।
