CM साय ने बच्चों के साथ गाया ‘वंदे मातरम्’, सरस्वती शिशु मंदिर को 50 लाख की घोषणा

150 साल पूरे होने पर सामूहिक गायन कार्यक्रम; CM बोले- शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति जरूरी

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शुक्रवार को रोहिणीपुरम स्थित सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित सामूहिक गायन कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने स्कूली बच्चों, आचार्यों और नागरिकों के साथ ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया। इस दौरान पूरा विद्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति के नारों और गीत से गूंज उठा। मुख्यमंत्री ने विद्यालय के विकास के लिए 50 लाख रुपए देने की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ केवल राष्ट्रगीत नहीं, बल्कि मां भारती की वंदना और राष्ट्रीय चेतना का स्वर है। स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान इस गीत ने लोगों में देशभक्ति और स्वतंत्रता की भावना को मजबूत किया। इसके 150 वर्ष पूरे होना देश के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग को याद करने का अवसर है।

दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को बेहतर अवसर

साय ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रदेश के हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर देना है। बस्तर और सरगुजा जैसे दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक भी बेहतर शैक्षणिक संसाधन और प्रतियोगी परीक्षाओं की सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। दिल्ली स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल में छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों के लिए सीटें बढ़ाकर 200 की गई हैं। वहां पढ़ने वाले 13 विद्यार्थियों ने यूपीएससी प्रारंभिक परीक्षा में सफलता हासिल की है।

विद्यार्थियों से बोले- बड़ा सपना देखें

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से बड़ा लक्ष्य तय कर पूरी मेहनत और अनुशासन के साथ उसे हासिल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण और जिम्मेदार नागरिक बनाने का आधार है।

आयोजकों के अनुसार छत्तीसगढ़ में करीब 1500 स्थानों पर पांच लाख लोगों ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया। कार्यक्रम में विधायक राजेश मूणत समेत विद्यार्थी, शिक्षक और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

↑
Exit mobile version