अस्पतालों की बदहाली पर कांग्रेस का प्रदर्शन: कहा- सुधार नहीं हुआ तो स्वास्थ्य मंत्री और CM हाउस का घेराव

रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने शुक्रवार को रायपुर स्थित सीएमएचओ कार्यालय के सामने जोरदार प्रदर्शन किया।
कांग्रेस नेताओं ने अस्पतालों में डॉक्टरों, नर्सों और स्टाफ की कमी का मुद्दा उठाते हुए सरकार पर स्वास्थ्य व्यवस्था को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर स्वास्थ्य मंत्री और मुख्यमंत्री आवास का घेराव भी किया जाएगा।
रायपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में कांग्रेस चिकित्सा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष डॉ. राकेश गुप्ता, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय समेत कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान श्रीकुमार मेनन ने कहा कि प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था लगातार चरमराती जा रही है। आम लोगों को इलाज के लिए घंटों भटकना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के समय शुरू की गई कई योजनाएं वर्तमान सरकार में बदहाल हो चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि रायपुर के 70 में से 45 वार्डों में हमर क्लीनिक योजना शुरू की गई थी, ताकि लोगों को छोटी बीमारियों के इलाज के लिए बड़े अस्पतालों में न जाना पड़े। लेकिन अब इन क्लीनिकों में डॉक्टर और स्टाफ की भारी कमी है।
डॉ. राकेश गुप्ता ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में लैब टेक्नीशियन, डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ की कमी के कारण मरीजों को काफी परेशानी हो रही है। कई मरीजों को इलाज के लिए मेकाहारा और डीकेएस अस्पताल रेफर किया जा रहा है।
वहीं पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि कांग्रेस जनता के स्वास्थ्य अधिकारों के लिए सड़क पर उतरी है और जब तक व्यवस्था में सुधार नहीं होगा, आंदोलन जारी रहेगा।





