राजधानी में 4 मंजिला बिल्डिंग गिरी, मौत का आंकड़ा 4 हुआ: मलबे में 2-3 लोगों के फंसे होने की आशंका

ईदगाह मछली मंडी के पास हादसा; 8 लोग घायल, अस्पताल में भर्ती; 20-25 साल पुरानी थी इमारत, आसपास की बिल्डिंग और ईदगाह की दीवार भी क्षतिग्रस्त
दिल्ली। दिल्ली के न्यू सीमापुरी इलाके में ईदगाह मछली मंडी के पास चार मंजिला इमारत गिरने से मौत का आंकड़ा बढ़कर 4 हो गया है। गुरुवार को रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मलबे से एक और शव बरामद किया गया। हादसे के बाद से राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। अधिकारियों के मुताबिक, मलबे में अभी 2-3 लोगों के फंसे होने की आशंका है।
इससे पहले बुधवार को तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई थी। इनमें करीब 12 साल की बच्ची और 21 साल की गर्भवती महिला गुलफ्शा शामिल थीं। तीसरे मृतक बच्चे की पहचान नहीं हो सकी है। हादसे में 8 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, ताहिरपुर में भर्ती कराया गया है।
भूकंप के बाद आई थीं दरारें, मालिक पर खाली कराने का दावा
स्थानीय लोगों ने MCD अधिकारियों को बताया कि एक दिन पहले आए भूकंप के बाद इमारत में दरारें दिखाई देने लगी थीं। लोगों का दावा है कि इसके बाद मकान मालिक बिल्डिंग खाली कराने की कोशिश कर रहा था। हालांकि, पुलिस ने इन दावों की पुष्टि नहीं की है।
MCD के मुताबिक, इमारत दिल्ली अर्बन शेल्टर इम्प्रूवमेंट बोर्ड (DUSIB) की करीब 25 वर्ग गज जमीन पर बनी थी और 20-25 साल पुरानी थी। अधिकारियों ने इसे ग्राउंड प्लस तीन मंजिल की इमारत बताया है। वहीं स्थानीय लोगों के मुताबिक, बिल्डिंग में पांच मंजिल थीं।
4 JCB और स्निफर डॉग से रेस्क्यू
बिल्डिंग गिरने की सूचना बुधवार दोपहर करीब 3:15 बजे फायर कंट्रोल रूम को मिली थी। इसके बाद दिल्ली पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। संकरी गलियों और घनी आबादी के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में टीमों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
मलबा हटाने के लिए 4 JCB मशीनों के साथ एंबुलेंस और स्निफर डॉग्स की मदद ली जा रही है। स्थानीय लोग भी राहत-बचाव टीमों के साथ मलबा हटाने में जुटे हैं।
आसपास की इमारतों को भी नुकसान
इमारत गिरने से आसपास की दो अन्य इमारतें भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। पास स्थित ईदगाह की बाउंड्री वॉल को भी नुकसान पहुंचा है। बिजली का पोल टूटने और तार क्षतिग्रस्त होने के बाद इलाके की बिजली सप्लाई बंद कर दी गई।
अधिकारियों के मुताबिक, बिल्डिंग गिरने की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। फिलहाल प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है।
3 साल में दिल्ली में बिल्डिंग गिरने की 1133 घटनाएं
आंकड़ों के मुताबिक, 2022 से 2025 के बीच दिल्ली में बिल्डिंग गिरने की 1133 घटनाएं सामने आईं। इन हादसों में 98 लोगों की मौत हुई है। सीमापुरी हादसे ने एक बार फिर राजधानी में पुरानी और जर्जर इमारतों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।





