कॉकरोच जनता पार्टी का जंतर-मंतर पर प्रदर्शन: शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग, हिट लेकर पहुंचे युवक को हटाया

नई दिल्ली। NEET पेपर लीक और विभिन्न सरकारी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में शनिवार को जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने बड़ा प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन में शामिल छात्रों और युवाओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई। प्रदर्शन स्थल पर बड़ी संख्या में छात्र, अभिभावक और युवा मौजूद रहे।

प्रदर्शन का नेतृत्व कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने किया। बताया गया कि अभिजीत शनिवार सुबह अमेरिका से दिल्ली पहुंचे और एयरपोर्ट से सीधे जंतर-मंतर पहुंचे। उनके पहुंचते ही समर्थकों में उत्साह बढ़ गया और प्रदर्शन ने जोर पकड़ लिया।

धरने में शामिल प्रदर्शनकारी “मैं हूं कॉकरोच” लिखे पोस्टर और कॉकरोच के मास्क पहनकर पहुंचे थे। उनका कहना था कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता लाने और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ रोकने के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने “नीट एंड क्लीन एग्जाम” की मांग करते हुए परीक्षा घोटालों की निष्पक्ष जांच की भी मांग की।

इस दौरान एक रोचक घटना भी देखने को मिली। एक युवक कॉकरोच मारने वाले स्प्रे ‘हिट’ की बोतल लेकर प्रदर्शन स्थल पर पहुंच गया। इसे लेकर प्रदर्शनकारियों ने विरोध जताया और उसे कार्यक्रम स्थल से बाहर कर दिया। घटना कुछ देर तक चर्चा का विषय बनी रही।

उधर, कॉकरोच जनता पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए संस्थापक अभिजीत दीपके के महाराष्ट्र स्थित घर की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। पुलिस ने सुरक्षा कारणों से अतिरिक्त जवान तैनात किए हैं।

सोशल मीडिया पर भी CJP लगातार चर्चा में बनी हुई है। पार्टी के समर्थकों का दावा है कि पिछले कुछ हफ्तों में संगठन को बड़ी संख्या में युवाओं का समर्थन मिला है। फिलहाल जंतर-मंतर पर प्रदर्शन जारी है और प्रदर्शनकारी शिक्षा व्यवस्था में सुधार तथा परीक्षा घोटालों पर कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।

Exit mobile version