सीएम साय का सख्त निर्देश: हर हाल में सुनिश्चित करें पेयजल आपूर्ति, बहानेबाजी बर्दाश्त नहीं

कोरिया। सीएम विष्णुदेव साय ने पेयजल संकट को लेकर अधिकारियों पर सख्ती दिखाई है। सुशासन तिहार के दौरान कोरिया जिला में आयोजित चौपाल में मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि गांवों और शहरों में किसी भी हालत में पेयजल आपूर्ति बाधित नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि “कोई बहानेबाजी नहीं चलेगी” और आम जनता को पानी की समस्या से जूझने के लिए मजबूर नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए कहा कि पिछले कुछ दिनों से राज्य के अलग-अलग हिस्सों से पेयजल संकट की शिकायतें मिल रही हैं।

इसे गंभीरता से लेते हुए उन्होंने सभी संबंधित विभागों को तत्काल समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि गर्मी के मौसम में लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़े, यह सरकार के लिए स्वीकार्य नहीं है।

मुख्यमंत्री ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि यदि किसी क्षेत्र में पेयजल समस्या का समाधान नहीं हुआ तो संबंधित कलेक्टर की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे नियमित मॉनिटरिंग करें और यह सुनिश्चित करें कि हर गांव और नगरीय निकाय में लोगों तक पर्याप्त पानी पहुंचे।

मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन पानी टंकियों के कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य तय समय-सीमा में पूरे किए जाएं। जहां टंकियों का निर्माण कार्य अभी जारी है, वहां वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

चौपाल के दौरान मुख्यमंत्री का सख्त रुख देखकर अधिकारियों में भी हलचल नजर आई। उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा में किसी भी स्तर पर लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Exit mobile version