ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

माँ कर्मा जयंती महोत्सव में CM साय का संदेश, एकजुटता और सेवा से बनेगा सशक्त समाज

रायपुर। राजधानी रायपुर से सटे सूरजपुर में आयोजित प्रदेश स्तरीय भक्त माता कर्मा जयंती महोत्सव 2026 में विष्णु देव साय शामिल हुए। उन्होंने भक्त माता कर्मा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की और कहा कि माँ कर्मा के आदर्श हमें एकजुट, संगठित और सशक्त बनने की प्रेरणा देते हैं।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम से पहले कर्मा चौक पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि माँ कर्मा का जीवन त्याग, सेवा और समर्पण का प्रतीक है, जो समाज को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने का संदेश देता है। उन्होंने साहू समाज को संस्कारित और विकासोन्मुख बताते हुए कहा कि इस समाज ने प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

नक्सलवाद के मुद्दे पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बस्तर क्षेत्र अब तेजी से विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहा है। सड़कों, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से 400 से अधिक गांवों को मुख्यधारा में शामिल किया गया है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में बस्तर विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।

वैश्विक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध और ऊर्जा संकट के बावजूद भारत, नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मजबूत स्थिति में है। उन्होंने लोगों से अफवाहों से बचने और प्रशासन पर भरोसा बनाए रखने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने बताया कि किसानों और महिलाओं के लिए कई योजनाएं लागू की गई हैं, जिनसे लाखों लोगों को आर्थिक सहायता मिली है। इस मौके पर उन्होंने साहू समाज के लिए सामाजिक भवन निर्माण हेतु 50 लाख और बाउंड्री वॉल के लिए 25 लाख रुपये की घोषणा भी की। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button