CM साय करेंगे 515 नई पैक्स समितियों का वर्चुअल शुभारंभ, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगी मजबूती

रायपुर। सीएम विष्णु देव साय 15 अप्रैल को 515 नई प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) का वर्चुअल शुभारंभ करेंगे। यह कार्यक्रम मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर अटलनगर से आयोजित होगा। राज्य में सहकारिता को मजबूत करने और किसानों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से यह पहल की गई है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि केदार कश्यप इसकी अध्यक्षता करेंगे। सहकारिता विभाग के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना स्वागत उद्बोधन देंगे। इस अवसर पर प्रदेशभर के सहकारी प्रतिनिधि, अपेक्स बैंक और जिला सहकारी बैंकों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे।
सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि नई पैक्स समितियों के गठन से किसानों को ऋण, खाद, बीज और अन्य कृषि सुविधाएं स्थानीय स्तर पर आसानी से मिल सकेंगी। इससे किसानों को दूर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और समय व संसाधनों की बचत होगी। साथ ही, शासकीय योजनाओं का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचेगा, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी।
उन्होंने बताया कि यह पहल केंद्र सरकार की “सहकार से समृद्धि” अवधारणा के तहत की जा रही है, जिसे नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और अमित शाह के मार्गदर्शन में आगे बढ़ाया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि राज्य में पहले से 2058 बहुउद्देशीय पैक्स संचालित हैं। नई 515 समितियों के जुड़ने से कुल संख्या बढ़कर 2573 हो जाएगी। इससे सहकारिता तंत्र को मजबूती मिलेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति प्राप्त होगी।





