सुशासन तिहार में कोसला धाम पहुंचे CM साय: माता कौशल्या मंदिर में की पूजा, प्रदेश की खुशहाली की कामना

रायपुर। सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शनिवार को जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विकासखंड स्थित ग्राम कोसला पहुंचे। मुख्यमंत्री ने यहां प्रसिद्ध माता कौशल्या मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान वित्त मंत्री श्री ओ. पी. चौधरी भी उनके साथ मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री के अचानक कोसला पहुंचने की सूचना मिलते ही मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में उत्साह का माहौल बन गया। स्थानीय ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं ने पारंपरिक तरीके से मुख्यमंत्री का स्वागत किया। लोक कलाकारों ने लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उनका अभिनंदन किया।

माता कौशल्या मंदिर में पूजा के बाद मुख्यमंत्री साय ने मंदिर परिसर का भ्रमण किया और वहां मौजूद श्रद्धालुओं से आत्मीय बातचीत भी की। उन्होंने क्षेत्र के लोगों का हालचाल जाना और सुशासन तिहार के तहत चल रही योजनाओं और जनसमस्याओं के निराकरण की जानकारी ली।

इस दौरान मंदिर सेवा समिति के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को माता कौशल्या मंदिर का आकर्षक छायाचित्र स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट किया। समिति की ओर से केंद्र सरकार की प्रसाद योजना में कोसला धाम को शामिल किए जाने की मांग भी रखी गई। मुख्यमंत्री ने मांग को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विषय पर सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के संरक्षण और विकास के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति और आस्था प्रदेश की पहचान है, जिसे आगे बढ़ाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, श्रद्धालु और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। उनके आगमन को लेकर पूरे क्षेत्र में दिनभर उत्साह और चर्चा का माहौल बना रहा।

Exit mobile version