रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को सरगुजा प्रवास के दौरान उदयपुर विकासखंड स्थित रामगढ़ के फॉरेस्ट रेस्ट हाउस “राम वाटिका” में भगवान श्रीराम की प्रतिमा के दर्शन कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार के “एक पेड़ माँ के नाम 3.0” अभियान के तहत रुद्राक्ष का पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मातृशक्ति के प्रति सम्मान और प्रकृति के साथ आत्मीय संबंध का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मां के नाम पर लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित और सुरक्षित भविष्य की नींव रखता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए जनभागीदारी सबसे प्रभावी माध्यम है। यदि हर नागरिक पौधारोपण के साथ उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाए, तो पर्यावरण संरक्षण का अभियान जनआंदोलन बन सकता है।
भगवान श्रीराम की प्रतिमा को नमन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभु श्रीराम का जीवन मर्यादा, सत्य, त्याग और कर्तव्यपरायणता का सर्वोत्तम उदाहरण है। उनके आदर्श आज भी समाज को सेवा, सद्भाव और राष्ट्रहित के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने लोगों से श्रीराम के आदर्शों को अपनाकर समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज, सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक जिम्मेदारी का साझा संदेश दिया गया।
