सीएम साय ने सुभद्रा कुमारी चौहान की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं प्रख्यात कवयित्री सुभद्रा कुमारी चौहान की पुण्यतिथि (15 फरवरी 2026) पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि सुभद्रा कुमारी चौहान का जीवन, संघर्ष और साहित्य देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सुभद्रा जी की रचनाओं में राष्ट्रभक्ति, साहस, त्याग और नारी सशक्तिकरण की भावना स्पष्ट रूप से झलकती है। उनकी अमर कविता “झाँसी की रानी” आज भी लोगों के हृदय में वीरता, स्वाभिमान और देशप्रेम की ज्योति प्रज्वलित करती है। यह कविता केवल साहित्यिक कृति नहीं, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम की जीवंत प्रेरणा है।
उन्होंने कहा कि सुभद्रा जी ने अपने सशक्त लेखन और सामाजिक सक्रियता के माध्यम से स्वतंत्रता आंदोलन की चेतना को जन-जन तक पहुँचाया। उनका साहित्य समाज में जागरूकता लाने और महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का कार्य करता रहा है। उनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने उस दौर में थे।
मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे सुभद्रा कुमारी चौहान के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण, समाज सेवा और सामाजिक समरसता के कार्यों में सक्रिय योगदान दें। उन्होंने कहा कि उनके जीवन से हमें साहस, निष्ठा और समर्पण की सीख मिलती है, जो एक सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में मार्गदर्शक सिद्ध होगी।





