StateNewsदेश - विदेश

नगालैंड में जहरीली शराब का कहर, 3 दिन में 9 मौतें

दिल्ली। नगालैंड के तुएनसांग जिले में जहरीली शराब पीने से पिछले तीन दिनों में 9 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक ही परिवार के तीन सदस्य शामिल हैं। शराब पीने के बाद कई लोगों को सांस लेने में तकलीफ, धुंधला दिखाई देने, तेज सिरदर्द, चक्कर, जी मिचलाने और उल्टी जैसी शिकायतें हुईं। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, तुएनसांग शहर और चेंदांग सैडल गांव में 10 और 11 सितंबर को मौतों की जानकारी मिली थी। शनिवार को तुएनसांग सिविल अस्पताल में भर्ती मरीजों की मौत के पैटर्न से पुलिस को शराब से जुड़े मामले का शक हुआ। इसके बाद शहर और चेंदांग सैडल इलाके में बड़े स्तर पर तलाशी और छापेमारी शुरू की गई।

अभियान के दौरान पुलिस ने कई स्थानों से शराब के पाउच, करीब 470 बोतल IMFL (इंडियन मेड फॉरेन लिकर) और बीयर के कैन जब्त किए। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि संदिग्ध शराब कहां से आई और इसकी सप्लाई किन लोगों के जरिए की जा रही थी।

शराब बेचने वाले परिवार के सदस्य ने की आत्महत्या

पुलिस ने बताया कि घटना के बाद शराब बेचने वाले परिवार के एक सदस्य ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसकी मौत के कारणों की अलग से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मृतकों की शराब पीने से सीधी कड़ी सामने आई है। इसी आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

मृतकों के परिजनों के मुताबिक, शराब पीने के कुछ समय बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी थी। पहले नजर धुंधली होने, सिरदर्द और चक्कर की शिकायत हुई। इसके बाद उल्टी और सांस लेने में परेशानी बढ़ गई।

घटना के बाद नगालैंड पुलिस ने रेड अलर्ट जारी किया है। लोगों से अनजान या अनधिकृत स्रोतों से शराब नहीं खरीदने और न पीने की अपील की गई है। नगालैंड में शराब की बिक्री और सेवन पर प्रतिबंध है। इसके बावजूद अवैध शराब की सप्लाई को लेकर पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button