नंदकुमार साय को हेलीकॉप्टर से रायपुर लाए CM साय: पैर में चोट के बाद चलने में हो रही थी परेशानी, बालाजी अस्पताल में इलाज की व्यवस्था

जशपुर में घर पहुंचकर मुख्यमंत्री ने जाना था हाल; बेहतर उपचार और आरामदायक यात्रा के लिए साथ लेकर आए
जशपुर। पूर्व सांसद और वरिष्ठ आदिवासी नेता नंदकुमार साय के पैर में चोट लगने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय उन्हें हेलीकॉप्टर से रायपुर लेकर आए। मुख्यमंत्री ने उनके बेहतर इलाज के लिए बालाजी अस्पताल में व्यवस्था कराई है। पैर में चोट के कारण नंदकुमार साय को चलने-फिरने में परेशानी हो रही थी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को पत्रकारों से चर्चा के दौरान इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले नंदकुमार साय फिसलकर गिर गए थे। इस घटना में उनके पैर में चोट आई है। चोट के कारण उन्हें आवागमन में भी दिक्कत हो रही थी।
रात में घर पहुंचकर जाना था स्वास्थ्य
मुख्यमंत्री ने बताया कि रविवार को जशपुर प्रवास के दौरान उन्हें नंदकुमार साय के निवास के पास ही आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिला था। कार्यक्रम के बाद वे रात में नंदकुमार साय के घर पहुंचे और उनसे मुलाकात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस दौरान उन्हें पता चला कि पैर में चोट के कारण नंदकुमार साय को चलने-फिरने में परेशानी हो रही है।
बेहतर इलाज के लिए बालाजी अस्पताल में व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने कहा कि सोमवार को उन्हें रायपुर आना था। ऐसे में उन्होंने नंदकुमार साय को भी अपने साथ हेलीकॉप्टर से रायपुर लाने का फैसला किया, ताकि उन्हें सड़क या अन्य माध्यम से यात्रा करने में असुविधा न हो। रायपुर पहुंचने के बाद उनके बेहतर उपचार के लिए बालाजी अस्पताल में व्यवस्था की गई है।
नंदकुमार साय प्रदेश के वरिष्ठ आदिवासी नेताओं में शामिल हैं। वे लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य रह चुके हैं। उनके स्वास्थ्य को लेकर मुख्यमंत्री की इस पहल की चर्चा हो रही है।





