सेना की सालाना रिपोर्ट में दावा; 2025 में 863 ड्रोन घुसपैठ, 237 मार गिराए गए, 6 घुसपैठ कोशिशों में 12 पाकिस्तानी आतंकी ढेर
दिल्ली। भारतीय सेना ने अपनी 2025-26 की सालाना रिपोर्ट में चीन और पाकिस्तान से लगी सीमाओं की सुरक्षा स्थिति का आकलन किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, 2025 में चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) ने वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर अपनी तैनाती में कमी की। LAC के सामने और चीन के पारंपरिक सैन्य प्रशिक्षण क्षेत्रों में अब करीब 10 कंबाइंड आर्म्स ब्रिगेड के आकार की सैन्य टुकड़ियां तैनात हैं। हालांकि, भारतीय सेना ने सभी सेक्टरों में अपनी तैनाती मजबूत रखी है।
सेना के मुताबिक, भारत और चीन के बीच 2025 में सैन्य बातचीत फिर शुरू हुई। अक्टूबर में पूर्वी लद्दाख में 23वीं कोर कमांडर स्तर की बैठक हुई। बॉर्डर पर्सनल मीटिंग भी जारी रही। सेना ने कहा कि बातचीत का माहौल सौहार्दपूर्ण रहा और सैन्य-कूटनीतिक प्रयासों के साथ चीन की तैनाती घटने से उत्तरी सीमा पर स्थिरता बढ़ी।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद क्षमताओं की समीक्षा
रिपोर्ट में ऑपरेशन सिंदूर से मिली सीख का भी जिक्र है। सेना ने कहा कि अभियान ने एक साथ कई मोर्चों पर कार्रवाई, खुफिया तंत्र, आधुनिक तकनीक और तीनों सेनाओं के तालमेल की क्षमता दिखाई। इसके बाद सैन्य पुनर्गठन, संयुक्त संचालन और नई तकनीक से जुड़ी कमियों की समीक्षा की गई।
जम्मू-कश्मीर में 2025 के दौरान हिंसा और विरोध-प्रदर्शनों में कमी आई। सेना के मुताबिक, पत्थरबाजी की एक भी घटना नहीं हुई और केवल एक स्थानीय युवक के आतंकी संगठन में शामिल होने की जानकारी मिली। हालांकि, LoC पर पाकिस्तान की ओर से घुसपैठ और ड्रोन के जरिए हथियार-नशे की तस्करी चुनौती बनी रही।
863 ड्रोन घुसपैठ, 237 मार गिराए
सेना की रिपोर्ट के मुताबिक, 2025 में पश्चिमी सीमा पर 863 ड्रोन घुसपैठ दर्ज हुईं। इनमें जम्मू-कश्मीर में 9 और पंजाब-राजस्थान में 854 मामले थे। सुरक्षा बलों ने 237 ड्रोन मार गिराए। सीमा से 2 AK-47, 75 पिस्तौल और 281.41 किलो नशीला सामान भी बरामद किया गया।
LoC पर आतंकियों ने 6 बार घुसपैठ की कोशिश की, जिनमें 12 पाकिस्तानी आतंकी मारे गए। सेना के अनुसार ऑपरेशन सिंदूर के बाद 10 और 12 मई 2025 को भारत-पाकिस्तान DGMO स्तर की बातचीत हुई, जिसके बाद LoC पर स्थिति काफी हद तक स्थिर हुई, लेकिन सीमा पर अनिश्चितता अभी कायम है।
