ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना: रायपुर जिले में 62 जोड़ों ने लिए सात फेरे, तीन जगहों पर हुआ सामूहिक विवाह

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में रायपुर जिले में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत गुरुवार को तीन अलग-अलग स्थानों पर सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में कुल 62 जोड़ों ने वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सात फेरे लेकर नए जीवन की शुरुआत की। शासन की ओर से सभी नवदंपत्तियों को योजनांतर्गत सहायता राशि और उपहार भी प्रदान किए गए।

आरंग के टाउन हॉल में 16 जोड़ों का विवाह समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार मंत्री गुरू खुशवंत साहेब मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन, जनपद अध्यक्ष टाकेश्वरी मुरली साहू सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

वहीं तिल्दा-नेवरा के डॉ. भीमराव अंबेडकर भवन सासाहोली में 31 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, जनपद पंचायत अध्यक्ष टीकेश्वर मनहरे, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रकला वर्मा समेत स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने नवदंपत्तियों को आशीर्वाद दिया।

धरसीवां के मंगल भवन में 15 जोड़ों का विवाह समारोह आयोजित किया गया। यहां जिला पंचायत सदस्य सरोज चंद्रवंशी और जनपद अध्यक्ष शकुंतला सेन की मौजूदगी में विवाह कार्यक्रम संपन्न कराया गया।

महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि बेटियों का सम्मान और सशक्तिकरण राज्य सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना गरीब परिवारों के लिए सहारा बन रही है और सामाजिक समरसता को भी मजबूत कर रही है।

कार्यक्रम में विभागीय अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button