टॉपर्स से बोले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय: सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं, मेहनत और अनुशासन ही असली कुंजी

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को मुख्यमंत्री निवास, सिविल लाइंस रायपुर में कक्षा 10वीं और 12वीं की प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों से आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के सपनों, पढ़ाई की दिनचर्या और भविष्य की योजनाओं पर खुलकर चर्चा की। मुख्यमंत्री निवास का माहौल उत्साह और प्रेरणा से भरा नजर आया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने विद्यार्थियों से कहा कि सफलता पाने का कोई शॉर्टकट नहीं होता। निरंतर मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच ही जीवन में बड़ी उपलब्धियों का आधार बनती है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई केवल अच्छे अंक लाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन को सही दिशा देने का माध्यम है।
संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से पूछा कि वे भविष्य में क्या बनना चाहते हैं। इस पर कई विद्यार्थियों ने डॉक्टर, इंजीनियर, आईएएस और आईपीएस बनकर देश सेवा करने की इच्छा जताई। मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़े सपने देखने वाले ही बड़ी सफलता हासिल करते हैं।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ स्वास्थ्य पर भी ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का निवास होता है। योग और नियमित व्यायाम जीवन को संतुलित बनाते हैं। उन्होंने बताया कि वे स्वयं भी रोज योग करते हैं और व्यस्त दिनचर्या के बावजूद स्वास्थ्य के लिए समय निकालते हैं।
विद्यार्थियों के सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने अपने संघर्षपूर्ण जीवन के अनुभव भी साझा किए। उन्होंने बताया कि बचपन में पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारियां उनके कंधों पर आ गई थीं, लेकिन कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने मेहनत और ईमानदारी से आगे बढ़ना नहीं छोड़ा।
कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव भी मौजूद रहे। विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री निवास का भ्रमण किया और इसे अपने जीवन का यादगार अनुभव बताया।





