ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

नेशनल हाईवे पर चलती मेटाडोर में भीषण आग, सोलर पैनल जलकर खाक

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में शनिवार रात नेशनल हाईवे पर बड़ा हादसा हो गया। कुरूद राखी मोड़ के पास चलती मेटाडोर में अचानक आग लग गई, जिससे देखते ही देखते वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। मेटाडोर में सोलर पैनल की 111 प्लेटें लदी थीं, जो आग की चपेट में आकर पूरी तरह नष्ट हो गईं। इस घटना में करीब 55 लाख रुपए से अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।

जानकारी के मुताबिक, मेटाडोर (नंबर MP 07 GA 9795) गाजियाबाद से सोलर पैनल लेकर ओडिशा के मलकानगिरी जा रही थी। यह वाहन राष्ट्रीय राजमार्ग-30 से होकर गुजर रहा था, तभी रात करीब ढाई बजे कुरूद से पहले राखी मोड़ के पास अचानक धुआं उठने लगा और कुछ ही मिनटों में आग भड़क गई।

आग लगते ही वाहन में मौजूद ड्राइवर जनक सिंह, जो भिंड के रहने वाले हैं, और उनका हेल्पर बेटा तुरंत सतर्क हो गए। दोनों ने जान बचाने के लिए चलते वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। उन्होंने अपने पास मौजूद अग्निशमन यंत्र से आग बुझाने की कोशिश भी की, लेकिन आग की तेज लपटों के सामने वे असफल रहे।

घटना की सूचना तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी गई। दमकल टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग ने पूरी मेटाडोर और उसमें लदे सोलर पैनल को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया था। आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

प्रारंभिक जांच में आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह हादसा हाईवे पर सुरक्षा और भारी वाहनों की तकनीकी जांच को लेकर भी सवाल खड़े कर रहा है।

Related Articles

Back to top button