प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व के 12 वर्ष पूर्ण होने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी बधाई

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के 12 वर्ष पूर्ण होने पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर छत्तीसगढ़ के विकास में केंद्र सरकार द्वारा दिए गए सहयोग और समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी, निर्णायक और जनकल्याणकारी नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं से छत्तीसगढ़ के किसानों, आदिवासियों, महिलाओं, युवाओं और गरीब वर्गों को व्यापक लाभ मिला है तथा विकास की गति तेज हुई है।
मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में नक्सल उन्मूलन के क्षेत्र में केंद्र सरकार के योगदान की विशेष सराहना की। उन्होंने बताया कि विशेष केंद्रीय सहायता (एससीए) योजना के तहत राज्य को 2,080.29 करोड़ रुपए की सहायता मिली है। वहीं विशेष अधोसंरचना योजना, सुरक्षा संबंधी व्यय, आधुनिक हथियारों, जंगल वारफेयर प्रशिक्षण और एयर सपोर्ट जैसी पहलों ने सुरक्षा बलों की क्षमता को मजबूत किया है, जिससे नक्सलवाद के खिलाफ अभियान को नई मजबूती मिली है।
उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में 2,377 करोड़ रुपए की लागत से 3,222 किलोमीटर लंबी 391 सड़कों और 88 बड़े पुलों की स्वीकृति ने दूरस्थ क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
मुख्यमंत्री ने वित्तीय क्षेत्र में हुए सुधारों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्यों को केंद्रीय करों में हिस्सेदारी 32 प्रतिशत से बढ़ाकर 42 प्रतिशत किए जाने से छत्तीसगढ़ को वित्तीय मजबूती मिली है। उन्होंने बताया कि पिछले 12 वर्षों में राज्य को केंद्रीय करों और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लाखों करोड़ रुपए की सहायता प्राप्त हुई है, जिससे प्रदेश के विकास कार्यों को नई गति मिली है।





