AI की दुनिया में छत्तीसगढ़ का परचम: इंडिया AI इंपैक्ट बिल्डथॉन में रायपुर के अनुराग-आस्था को प्रथम स्थान

रायपुर। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित प्रतिष्ठित “AI इंपैक्ट समिट” में छत्तीसगढ़ के युवाओं ने राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। रायपुर के सिबलिंग अनुराग मानिक और आस्था मानिक ने इंडिया AI इंपैक्ट बिल्डथॉन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर प्रदेश को गौरवान्वित किया है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दोनों प्रतिभाशाली युवाओं को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 40,000 से अधिक प्रतिभागियों के बीच तीन कठिन चरणों को पार कर शीर्ष स्थान प्राप्त करना उनकी असाधारण प्रतिभा, परिश्रम और नवाचार क्षमता का प्रमाण है। यह सफलता छत्तीसगढ़ के युवाओं की उभरती तकनीकी शक्ति और आत्मविश्वास का प्रतीक है।
प्रतियोगिता में अनुराग और आस्था ने “कर्तव्य” नामक AI आधारित एप्लिकेशन प्रस्तुत किया, जो AI-जनित आवाज और वास्तविक आवाज में अंतर पहचान सकता है। यह एप डिजिटल धोखाधड़ी से लोगों को सुरक्षित रखने में मददगार साबित होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का यह प्रयास आज के डिजिटल युग में अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायक है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवा अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहते हुए आधुनिक तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में भी अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। यह उपलब्धि राज्य में शिक्षा, नवाचार और अवसरों के विस्तार का सशक्त प्रमाण है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रदेश के युवा इसी प्रकार नई ऊंचाइयां हासिल कर छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाएंगे। राज्य सरकार तकनीक, नवाचार और स्टार्टअप के क्षेत्र में युवाओं को प्रोत्साहन और आवश्यक अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।





