StateNewsदेश - विदेश

प्रेमानंद महाराज की भावुक अपील: मैं रहूं न रहूं, हमेशा आपके साथ रहूंगा

दिल्ली। वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज ने अपने भक्तों और शिष्यों के लिए भावुक संदेश जारी किया है। खराब स्वास्थ्य के चलते पिछले 9 दिनों से उनकी रात्रि पदयात्रा बंद है।

इसी बीच उन्होंने वीडियो संदेश जारी कर भक्तों से चिंता न करने और भगवान श्रीजी के भजन में मन लगाने की अपील की।

करीब 1 मिनट 19 सेकेंड के वीडियो में महाराज ने कहा, “बिल्कुल चिंता मत करो। हम मिलें न मिलें, बोलें न बोलें, हम आप सबको बहुत प्यार करते हैं।

मेरी चिंता छोड़िए, खूब नाम जप करो और श्रीजी का ध्यान लगाइए।” उनका यह संदेश सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बताया जा रहा है कि प्रेमानंद महाराज की तबीयत पिछले कुछ समय से खराब चल रही है। उनकी दोनों किडनी खराब हैं और उन्हें सप्ताह में 2-3 बार डायलिसिस कराना पड़ता है।

17 मई से उनकी प्रसिद्ध रात्रि पदयात्रा और एकांतिक मुलाकातें स्थगित कर दी गई हैं। उस दिन हजारों भक्त उनके दर्शन के लिए पहुंचे थे, लेकिन शिष्यों ने लाउडस्पीकर से स्वास्थ्य खराब होने की जानकारी दी।

वीडियो में महाराज ने कहा कि उनका एकांतवास भक्तों के लिए है। उन्होंने कहा, “जो कुछ होना था, वह हो गया। अब जो कुछ हो रहा है, वह सब आपके लिए हो रहा है। भजन करो, प्रसन्न रहो और निश्चिंत रहो।”

हालांकि, दो दिन पहले वे अपने केली कुंज आश्रम से निकलकर वराह घाट स्थित गुरु संत गोविंद शरण महाराज के दर्शन करने पहुंचे थे। इससे भक्तों को उनके स्वास्थ्य में सुधार की उम्मीद भी जगी है।

प्रेमानंद महाराज हर रोज तड़के 3 बजे करीब डेढ़ किलोमीटर पैदल यात्रा करते थे। उनके दर्शन के लिए रोज हजारों श्रद्धालु उमड़ते थे।

Related Articles

Back to top button