रायगढ़ में दर्दनाक हादसा: SUV खाई में गिरी, 8 लोगों की मौत

रायगढ़। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई। हादसा पोलादपुर-महाबलेश्वर रोड स्थित अंबेनली घाट इलाके में हुआ, जहां एक एसयूवी कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना रात करीब 2:30 बजे हुई।
पुलिस के मुताबिक, वाहन में सवार सभी लोग सतारा जिले के रहने वाले थे और दापोली से सतारा लौट रहे थे। हादसा इतना भयावह था कि एसयूवी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर ही सभी यात्रियों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची।
रेस्क्यू टीम ने काफी मशक्कत के बाद खाई में गिरे वाहन तक पहुंचकर शवों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है।
फिलहाल हादसे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। शुरुआती आशंका है कि तेज रफ्तार, घाट क्षेत्र में खराब विजिबिलिटी या चालक को झपकी आने की वजह से वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया होगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अंबेनली घाट क्षेत्र घुमावदार सड़कों और गहरी खाइयों के कारण संवेदनशील माना जाता है। इससे पहले भी यहां कई सड़क हादसे हो चुके हैं। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।





