ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में बारिश का असर: बांगो डैम के 5 गेट खुले, मुडमार बांध में युवक की डूबने से मौत; 4 दिन का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि सरगुजा संभाग के कई इलाकों में भारी बारिश हुई। मौसम विभाग ने उत्तर छत्तीसगढ़ में अगले चार दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। हालांकि, प्रदेश में अब भी सीजन की कुल बारिश सामान्य से 9 प्रतिशत कम दर्ज की गई है।

लगातार बारिश के कारण कोरबा स्थित मिनीमाता बांगो डैम का जलस्तर बढ़कर 92.48 प्रतिशत तक पहुंच गया है। जलस्तर बढ़ने के बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर डैम के पांच गेट खोल दिए हैं। इसके जरिए 3005 क्यूसेक पानी हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा है।

डैम के गेट खोले जाने के बाद प्रशासन ने नदी किनारे बसे 35 गांवों के लिए बाढ़ का अलर्ट जारी किया है। लोगों को सतर्क करने के लिए गांवों में मुनादी कराई जा रही है और नदी के आसपास नहीं जाने की अपील की गई है।

इसी बीच बांगो डैम से एक चिंताजनक घटना भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि एक युवक ने खुले गेट की ओर छलांग लगा दी। तेज बहाव के कारण वह पानी में बह गया। घटना के बाद से युवक लापता है। स्थानीय प्रशासन और बचाव दल उसकी तलाश में जुटे हैं। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है।

वहीं, महासमुंद जिले के मुडमार बांध में एक युवक की डूबने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, 35 वर्षीय प्रणय गुर्वेकर 15 अगस्त को अपने पांच दोस्तों के साथ बांध घूमने गया था। इस दौरान नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद युवक के शव को बाहर निकाला गया। लगातार हो रही बारिश के बीच प्रशासन ने लोगों से जलाशयों और नदियों के पास सावधानी बरतने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button