ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

आत्मनिर्भरता और नवाचार से नई पहचान बना रहीं छत्तीसगढ़ की महिलाएं: सीएम साय

लखपति दीदी अभियान से महिलाएं लिख रहीं समृद्धि की नई कहानी

रायपुर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रायपुर के इंडोर स्टेडियम में आयोजित ‘लखपति दीदी संवाद’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की महिलाएं आत्मनिर्भरता, मेहनत और नवाचार के बल पर नई पहचान बना रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। कार्यक्रम में प्रदेश भर से आई स्व-सहायता समूहों की हजारों महिलाएं और लखपति दीदियां शामिल हुईं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को शक्ति का स्वरूप माना गया है और जहां नारी का सम्मान होता है, वहीं देवताओं का वास होता है। उन्होंने कहा कि पहले महिलाएं घर तक सीमित रहती थीं, लेकिन अब स्व-सहायता समूहों के माध्यम से वे आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती दे रही हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर प्रदेश में 10 लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें से लगभग 8 लाख महिलाएं पहले ही लखपति दीदी बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य भविष्य में हर गांव की महिलाओं को लखपति बनाकर ‘लखपति ग्राम’ का निर्माण करना है।

उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत लगभग 70 लाख महिलाओं को अब तक 24 किस्तों में 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि दी जा चुकी है। वहीं इस वर्ष के बजट में इसके लिए 8200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लखपति दीदी कॉफी टेबल बुक और छत्तीसकला ब्रांड बुक का विमोचन किया तथा लखपति दीदी ग्राम पोर्टल की शुरुआत की। उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने अपनी सफलता की प्रेरक कहानियां साझा कर अन्य महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

Related Articles

Back to top button