अर्जुन रामपाल ने गैब्रिएला डेमेट्रियड्स से की शादी: 8 साल के रिश्ते के बाद गोवा में रजिस्टर्ड मैरिज, दो बच्चों के हैं माता-पिता

मुंबई। बॉलीवुड एक्टर अर्जुन रामपाल ने अपनी लंबे समय से पार्टनर गैब्रिएला डेमेट्रियड्स से शादी कर ली है। दोनों ने शुक्रवार को गोवा में अपनी शादी रजिस्टर्ड कराई। उत्तरी गोवा के मापुसा स्थित सब-रजिस्ट्रार ऑफिस में कपल ने शादी की कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इस दौरान उनके करीबी दोस्त भी मौजूद रहे।
स्थानीय कानून के मुताबिक शादी की प्रक्रिया में पहले और दूसरे हस्ताक्षर के बीच 15 दिन का अंतर जरूरी होता है। हालांकि, इस अवधि को माफ कराने के लिए अर्जुन और गैब्रिएला ने स्थानीय कोर्ट के असिस्टेंट पब्लिक प्रॉसिक्यूटर से विशेष अनुमति ली थी। सब-रजिस्ट्रार सूरज वर्नेकर के मुताबिक, शादी गोवा के यूनिफॉर्म सिविल कोड के तहत रजिस्टर्ड हुई।
अर्जुन और गैब्रिएला शाम करीब 4 बजे सब-रजिस्ट्रार ऑफिस पहुंचे। दोनों इस दौरान कैजुअल कपड़ों में नजर आए। गैब्रिएला दक्षिण अफ्रीकी मॉडल, फैशन डिजाइनर और एंटरप्रेन्योर हैं।
2018 से रिश्ते में हैं
अर्जुन और गैब्रिएला 2018 से रिलेशनशिप में हैं। दोनों के रिश्ते की शुरुआत अर्जुन के पूर्व पत्नी मेहर जेसिया से अलग होने के बाद हुई थी। 2019 में दोनों के पहले बेटे एरिक का जन्म हुआ। इसके चार साल बाद 2023 में उनके दूसरे बेटे एरिव का जन्म हुआ। साल 2025 में अर्जुन ने गैब्रिएला से अपनी सगाई की जानकारी सार्वजनिक की थी।
शादी से पहले भी दोनों लंबे समय से साथ रह रहे थे। एक पुराने इंटरव्यू में अर्जुन ने कहा था कि उन्हें लगता है कि दोनों पहले से ही शादीशुदा हैं और उनके रिश्ते को किसी कागज की जरूरत नहीं है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा था कि वह शादी के खिलाफ नहीं हैं।
1998 में मेहर जेसिया से की थी पहली शादी
अर्जुन रामपाल की पहली शादी पूर्व सुपरमॉडल मेहर जेसिया से 1998 में हुई थी। दोनों की दो बेटियां माहिका और मायरा हैं। करीब 20 साल साथ रहने के बाद मई 2018 में दोनों ने अलग होने की घोषणा की थी। नवंबर 2019 में उनका तलाक हो गया था।
अब लंबे रिश्ते के बाद अर्जुन और गैब्रिएला ने गोवा में कानूनी रूप से शादी कर ली है।





