StateNewsदेश - विदेश

खेसारी लाल यादव के शो में चप्पल कांड, बोले- बेटा इतना आगे जाओगे कि जमीन नहीं दिखेगी

दिल्ली। भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव के लाइव शो में एक युवक ने स्टेज पर चप्पल फेंक दी। इस हरकत से खेसारी को गाना बीच में रोकना पड़ा। हालांकि, उन्होंने गुस्सा करने या युवक को डांटने के बजाय मजाकिया अंदाज में जवाब दिया। उनका यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

घटना बिहार के खुर्दा में आयोजित मेले की बताई जा रही है। कार्यक्रम में खेसारी लाल यादव गाना गा रहे थे। उन्हें देखने और सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। इसी दौरान भीड़ में मौजूद एक युवक ने स्टेज की तरफ चप्पल फेंक दी, जो सीधे मंच पर जा गिरी।

चप्पल गिरते ही खेसारी ने गाना रोक दिया और माइक लेकर युवक की ओर देखकर कहा, “बहुत अच्छा, क्या बात है बेटा। बाटा का चप्पल था क्या? बहुत प्यार है… आई लव यू। क्या लड़का है यार तू, बहुत आगे जाएगा। इतना आगे जाएगा कि वहां से नीचे जमीन भी नजर नहीं आएगी।”

उन्होंने आगे कहा कि वह गलतियां करने वालों की भी इज्जत करते हैं, क्योंकि ऐसी गलतियों से दुनिया सीखती है कि क्या सही है और क्या गलत। इसके बाद उन्होंने दोबारा गाना शुरू कर दिया।

पहले भी फेंके जा चुके हैं पत्थर और टमाटर

खेसारी लाल यादव के लाइव शो में इस तरह की घटना पहले भी हो चुकी है। बिहार और उत्तर प्रदेश में आयोजित कुछ कार्यक्रमों के दौरान उन पर पत्थर, आलू और टमाटर फेंके जाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। उनके कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में प्रशंसक पहुंचते हैं। ऐसे में भीड़ के बीच कुछ लोगों की शरारत से माहौल बिगड़ने की स्थिति बन जाती है।

मेले में दूसरे कलाकारों ने भी दी प्रस्तुति

इस मेले में खेसारी लाल यादव के अलावा भोजपुरी गायक रितेश पांडे और गायिका शिवानी सिंह समेत कई कलाकारों ने प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में देर रात तक लोगों की भीड़ जुटी रही और दर्शक भोजपुरी गानों पर झूमते नजर आए।

Related Articles

Back to top button