कांग्रेस की बैठक से पहले चन्नी का फोटो वायरल,संसद परिसर में राहुल-प्रियंका ने किया नजरअंदाज

दिल्ली में आज होगी अहम बैठक, 2027 चुनाव से पहले तय होगी संगठन की कमान और गुटबाजी पर बनेगी रणनीति
दिल्ली। पंजाब कांग्रेस की मंगलवार को दिल्ली में होने वाली अहम बैठक से पहले पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद चरणजीत सिंह चन्नी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
फोटो-वीडियो संसद परिसर का बताया जा रहा है, जिसमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल आपस में बातचीत करते नजर आ रहे हैं।
इसी दौरान चरणजीत चन्नी वहां पहुंचते हैं, लेकिन वे राहुल गांधी के पास जाने के बजाय पीछे खड़े अमृतसर सांसद गुरजीत सिंह औजला के साथ खड़े हो जाते हैं।
फोटो-वीडियो में राहुल और प्रियंका चन्नी की ओर ध्यान देते नहीं दिख रहे हैं। हालांकि वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इस वीडियो की चर्चा ऐसे समय में हो रही है, जब पंजाब कांग्रेस के प्रभारी भूपेश बघेल ने दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की बैठक बुलाई है।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, चरणजीत सिंह चन्नी, नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा और सुखजिंदर सिंह रंधावा समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
बैठक का मुख्य एजेंडा 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर रणनीति बनाना है।
हालांकि राजनीतिक गलियारों में इसे पंजाब कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी खत्म करने और संगठन की कमान तय करने वाली बैठक के रूप में देखा जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार पार्टी हाईकमान संगठन में बड़ा बदलाव नहीं चाहता और प्रदेश अध्यक्ष राजा वड़िंग के पास ही संगठन की जिम्मेदारी बनाए रखने के पक्ष में है।
वहीं, चन्नी गुट को साधने के लिए टिकट वितरण में उनकी भूमिका बढ़ाने और चुनाव में बहुमत मिलने की स्थिति में मुख्यमंत्री पद के चेहरे के रूप में उनके नाम पर विचार का भरोसा दिया जा सकता है।
सूत्रों के मुताबिक बैठक में नेताओं को अनुशासन बनाए रखने, सार्वजनिक बयानबाजी से बचने और चुनाव तक “वन कमांड, वन मैसेज” की रणनीति पर काम करने का संदेश भी दिया जाएगा।
माना जा रहा है कि बैठक के नतीजे पंजाब कांग्रेस की आगामी चुनावी रणनीति और नेतृत्व की दिशा तय करेंगे।





