ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान: विधानसभा परिसर में CM साय और डॉ. रमन सिंह ने लगाया रुद्राक्ष का पौधा, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के पावस सत्र के दौरान मंगलवार को विधानसभा परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के तहत वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप समेत सभी विधायकों ने अपनी माताओं के नाम पर पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर रुद्राक्ष का पौधा रोपा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान आज देशभर में जनआंदोलन का रूप ले चुका है।

यह केवल पौधरोपण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि मां के प्रति कृतज्ञता, प्रकृति के संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जब कोई व्यक्ति अपनी मां के नाम पर पौधा लगाता है तो उसके संरक्षण के प्रति स्वाभाविक जिम्मेदारी भी महसूस करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा परिसर से शुरू हुई यह पहल पूरे प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण के प्रति नई जागरूकता पैदा करेगी। उन्होंने इस आयोजन के लिए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की सराहना करते हुए कहा कि इससे वृक्षारोपण को जनभागीदारी का अभियान बनाने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि आज दुनिया जलवायु परिवर्तन, ग्लोबल वार्मिंग और जैव विविधता के क्षरण जैसी चुनौतियों का सामना कर रही है। ऐसे समय में वृक्षारोपण पर्यावरण संरक्षण का सबसे प्रभावी उपाय है। प्रत्येक नागरिक को कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करनी चाहिए।

कार्यक्रम में सभी विधायकों ने अपनी माताओं के नाम पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।

इस दौरान विशेष सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया, जहां जनप्रतिनिधियों ने तस्वीरें खिंचवाईं और प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने की अपील की।

कार्यक्रम में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के प्रमुख सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, प्रधान मुख्य वन संरक्षक अरुण पाण्डेय सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button