रायपुर। बिलासपुर-कोरबा नेशनल हाईवे पर रतनपुर के पास रविवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। रायपुर से महामाया मंदिर और चैतुरगढ़ घूमने निकले युवक-युवतियों की इको कार सामने चल रहे ट्रेलर के पिछले हिस्से में जा घुसी।
टक्कर के बाद कार ट्रेलर के पहियों और ट्रॉली के बीच फंस गई। ट्रेलर चालक को हादसे का पता नहीं चला और वह कार को करीब आधा किलोमीटर तक घसीटता रहा। हादसे में एक युवती की मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल हैं।
हादसा रतनपुर थाना क्षेत्र में बेलपारा के पास टोल प्लाजा के नजदीक हुआ। बताया जा रहा है कि कार चला रहे अर्थ साहू को झपकी आ गई थी। इससे तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
दर्शन के बाद चैतुरगढ़ जा रहे थे सभी
इको वाहन (CG 04 NQ 9785) में रायपुर के रमाकुंड, समता कॉलोनी और मंगल बाजार के युवक-युवतियां सवार थे। चालक अर्थ साहू बुकिंग लेकर सभी को महामाया मंदिर और चैतुरगढ़ दर्शन कराने निकला था। रतनपुर में दर्शन के बाद सभी चैतुरगढ़ जा रहे थे, तभी हादसा हो गया।
काजल की मौत, सिम्स में घायलों का इलाज
हादसे में रायपुर के बंधवा तालाब क्षेत्र निवासी काजल साहू (23) की मौत हो गई। भूपेंद्र यादव, अनीश यादव, गरिमा कश्यप, प्रेक्षा यादव, मानस यादव और सिया यादव घायल हुए हैं। सभी को पहले रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बिलासपुर के सिम्स अस्पताल रेफर किया गया।
हादसे का CCTV वीडियो भी सामने आया है। इसमें कार ट्रेलर में फंसी हुई दिखाई दे रही है। पीछे से आ रहे वाहन चालकों ने ट्रेलर चालक को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद उसने वाहन रोका।
