दिल्ली। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे शहर को झकझोर दिया है। यहां एक युवती ने अपने ही प्रेमी को प्रपोजल के बहाने घर बुलाकर बेरहमी से जिंदा जला दिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी युवती और मृतक युवक दोनों एक टेलीकॉम स्टोर में काम करते थे और पिछले एक साल से रिश्ते में थे।
जानकारी के अनुसार, युवती अपने प्रेमी किरण से नाराज थी क्योंकि उसे लग रहा था कि वह उसे नजरअंदाज कर रहा है। इसी गुस्से में उसने खौफनाक साजिश रची। उसने युवक को “नए तरीके से प्रपोज करने” का झांसा देकर दक्षिण बेंगलुरु के अंजनापुर स्थित अपने घर बुलाया। उस समय घर पर कोई और मौजूद नहीं था।
घर पहुंचने के बाद दोनों के बीच सामान्य बातचीत हुई। इसके बाद युवती ने प्रपोजल का बहाना बनाकर किरण की आंखों पर पट्टी बांध दी और उसे कुर्सी पर बैठाकर रस्सियों से बांध दिया। जब युवक ने इसका विरोध किया तो युवती ने इसे “विदेशों में चल रहा नया ट्रेंड” बताकर उसे शांत कराया।
इसके बाद युवती ने पहले से तैयार ज्वलनशील पदार्थ युवक पर छिड़का और उसे आग के हवाले कर दिया। हैरानी की बात यह है कि उसने पूरी वारदात का वीडियो भी रिकॉर्ड किया और युवक को जलते हुए देखती रही। इस निर्मम घटना में युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवती को हिरासत में ले लिया। बेंगलुरु के डीसीपी के अनुसार, पूछताछ में युवती ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। यह घटना रिश्तों में बढ़ती हिंसा और मानसिक असंतुलन की गंभीर तस्वीर पेश करती है।
