फैक्ट्री में बॉयलर विस्फोट: एक मजदूर की मौत, 8 घायल; धमाके के बाद लगी भीषण आग

दिल्ली। तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में मंगलवार को एक निजी मेटल स्मेल्टिंग फैक्ट्री में हुए भीषण बॉयलर विस्फोट से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य कर्मचारी घायल हो गए।

हादसा गुम्मिडीपुंडी SIPCOT औद्योगिक क्षेत्र स्थित फैक्ट्री में हुआ, जहां विस्फोट के बाद आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

हादसे में जान गंवाने वाले मजदूर की पहचान बिहार निवासी 24 वर्षीय रवि रंजन के रूप में हुई है। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं घायल कर्मचारियों को तत्काल गुम्मिडीपुंडी सरकारी अस्पताल और चेन्नई के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बॉयलर फटते ही तेज धमाके के साथ आग की लपटें फैक्ट्री में फैल गईं। विस्फोट की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर एक कटा हुआ हाथ मिला, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

फायर ब्रिगेड की दो टीमें आग पर काबू पाने और फैक्ट्री परिसर में फंसे लोगों की तलाश में जुटी रहीं। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी है।

शुरुआती जांच में बॉयलर विस्फोट को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि तकनीकी विशेषज्ञों की टीम घटना के वास्तविक कारणों की पड़ताल कर रही है।

फिलहाल प्रशासन ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है और घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था की जा रही है। हादसे के बाद फैक्ट्री की सुरक्षा व्यवस्था और औद्योगिक सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

Exit mobile version