अंबिकापुर। शहर के एक किराए के मकान में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 11 माह के मासूम की पानी भरी बाल्टी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम झिरमिटी निवासी दीपक तिर्की अंबिकापुर के बिलासपुर चौक के पास लक्ष्मीपुर इलाके में मोना तिवारी के मकान में किराए से रहता है और ढाबे में काम करता है। बीती रात करीब 2:30 बजे वह ड्यूटी से घर लौटा, तब उसका 11 माह का बेटा अंश तिर्की जाग रहा था। कुछ देर बच्चे को खिलाने के बाद उसने उसे अपने और पत्नी सुनीता के बीच सुला दिया और खुद भी सो गया।
तड़के जब पत्नी सुनीता की नींद खुली तो उसने देखा कि बच्चा बिस्तर पर नहीं है। घबराकर उसने कमरे में इधर-उधर तलाश शुरू की। इसी दौरान उसकी नजर पानी से भरी बाल्टी पर पड़ी, जहां मासूम का सिर अंदर डूबा हुआ था और पैर ऊपर की ओर थे। यह दृश्य देख मां के होश उड़ गए और उसने तुरंत बच्चे को बाहर निकाला।
शोर सुनकर पिता दीपक भी उठ गया और बच्चे को अचेत अवस्था में देखकर उसके पेट से पानी निकालने की कोशिश की। इसके बाद दोनों तुरंत उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। प्रारंभिक जांच में यह एक दर्दनाक हादसा माना जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
